
भूना अनाज मंडी से 50 कट्टे धान चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार; चोरीशुदा धान की तलाश जारी
भूना (फतेहाबाद)THE ASIA PRIME | TAP NEWS । भूना की अनाज मंडी में धान के कट्टे चोरी होने के मामले में थाना भूना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पंकज निवासी वार्ड नंबर-5 भूना और अरविंद निवासी गांव नाढोड़ी, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों से चोरीशुदा धान की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।
आढ़ती की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
थाना भूना प्रभारी उपनिरीक्षक कंवरपाल के अनुसार, भूना निवासी आढ़ती अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 11 नवंबर को अनाज मंडी में रखी धान की बोरियों की जांच करने पर करीब 50 कट्टे कम मिले। आढ़ती ने दोनों आरोपियों पर चोरी का संदेह जताते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
हरियाणा के स्कूलों में ग्रांट के नए नियम, आटा पिसवाने पर GST बिल जरूरी
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर थाना भूना में 12 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 260 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
चोरीशुदा धान की बरामदगी के प्रयास जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से चोरी किए गए धान के कट्टों की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हरियाणा में कारतूस सप्लाई नेटवर्क पर STF का शिकंजा, कई गन हाउस रडार पर
एसपी के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में फतेहाबाद पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


