युगांडा के जनरल की तुर्की को ‘अजीबोगरीब’ धमकी: “1 अरब डॉलर और सुंदर लड़कियां दो, वरना कर दूंगा हमला”
इटली की PM मेलोनी को 100 गायों का ऑफर देने वाले जनरल कैनरुगाबा के बिगड़े बोल; तुर्की को दी दूतावास बंद करने और युद्ध की चेतावनी।

युगांडा के जनरल मुहूजी कैनरुगाबा ने तुर्की को दी युद्ध की धमकी। मांगी सुंदर लड़कियां और 1 अरब डॉलर। मेलोनी के बाद अब तुर्की के पीछे पड़े जनरल।
कंपाला/इस्तांबुल (The Asia Prime): दुनिया जहां रूस-यूक्रेन और मिडिल ईस्ट के युद्धों से सहमी हुई है, वहीं अफ्रीकी देश युगांडा से एक ऐसा ‘डेवलपमेंट’ सामने आया है जिसे सुनकर कोई अपनी हंसी नहीं रोक पा रहा, तो कोई इसे अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का सबसे निचला स्तर बता रहा है। युगांडा की सेना के जनरल और राष्ट्रपति के बेटे मुहूजी कैनरुगाबा ने तुर्की को सीधी धमकी देते हुए ऐसी मांगें रख दी हैं, जिन्हें सुनकर पूरी दुनिया सिर पीट रही है।
तुर्की से मांगी ‘एक अरब डॉलर और लड़कियां’
जनरल मुहूजी कैनरुगाबा, जो अपनी विवादित सोशल मीडिया पोस्ट्स के लिए दुनिया भर में कुख्यात हैं, ने इस बार तुर्की को निशाना बनाया है। कैनरुगाबा ने कहा है कि तुर्की सरकार को शांति बनाए रखने के लिए 1 अरब डॉलर की रकम और साथ ही युगांडाई लोगों के लिए ‘सुंदर लड़कियां’ सौंपनी चाहिए।
इतना ही नहीं, भाई का कॉन्फिडेंस देखिए—उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ये मांगें पूरी नहीं हुईं, तो युगांडा में तुर्की का दूतावास बंद कर दिया जाएगा, राजनयिक संबंध खत्म होंगे और युगांडा की सेना तुर्की पर ‘चढ़ाई’ कर देगी। बताया जा रहा है कि जनरल साहब इजरायल के कट्टर समर्थक हैं और तुर्की के इजरायल विरोधी स्टैंड से नाराज होकर ये प्रलाप कर रहे हैं।
तुर्की की ‘सबसे खूबसूरत लड़की’ से शादी की जिद
अपनी मांगों की लिस्ट को और आगे बढ़ाते हुए जनरल ने कहा कि तुर्की को अपनी सबसे खूबसूरत लड़की उनकी पत्नी के रूप में उन्हें सौंप देनी चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि तुर्की सरकार को अपनी महिलाओं को युगांडाई लोगों के हवाले कर देना चाहिए, नहीं तो इसके नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।
पुराना रिकॉर्ड: मेलोनी को दिया था 100 गायों का ऑफर
यह पहली बार नहीं है जब जनरल कैनरुगाबा ने ऐसी ‘गोली’ खाकर बयानबाजी की हो। इससे पहले वे इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर भी सुर्खियां बटोर चुके हैं।
- ऑफर: उन्होंने मेलोनी को ‘ब्राइड प्राइस’ (दुल्हन की कीमत) के तौर पर 100 गायों के बदले शादी का प्रस्ताव दिया था।
- धमकी: जब प्रस्ताव नहीं माना गया, तो उन्होंने कहा था कि वे रोम पर हमला कर देंगे और मेलोनी को ले आएंगे।
सोशल मीडिया पर उड़ रहा मज़ाक
जनरल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। लोग मजे लेते हुए कह रहे हैं कि तुर्की की धमकी तो शायद दुनिया बर्दाश्त कर ले, लेकिन अगर जॉर्जिया मेलोनी की बात आई, तो भारत के ‘महामानव’ (पीएम मोदी) के साथ मेलोनी की दोस्ती और उनकी वैश्विक ताकत जनरल को भागने का रास्ता भी नहीं देगी।
अंतरराष्ट्रीय संबंधों में गरिमा और भाषा का बहुत महत्व होता है, लेकिन युगांडा के इस सैन्य जनरल की बयानबाजी ने इसे एक ‘कॉमेडी शो’ बना दिया है। एक संप्रभु राष्ट्र की महिलाओं और वहां की संप्रभुता को लेकर ऐसी अपमानजनक टिप्पणी केवल मानसिक दिवालियापन को दर्शाती है। तुर्की जैसे सैन्य रूप से शक्तिशाली देश को ऐसी धमकी देना ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ के समान भी नहीं है। सच में, युगांडा के इन भाई साहब के लिए यह दुनिया और यह महफिल काम की नहीं है।